अनियमितता: पलटा पंचायत में फिर निकाले गए 2 लाख रुपये

लवकुशनगर। गौरिहार जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पलटा में निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में बिना निर्माण कार्य कराए सरकारी राशि आहरित किए जाने के मामले सामने आए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि 18 नवंबर को जनपद सीईओ गौरिहार की उपस्थिति में ग्राम पंचायत पलटा की जांच की गई थी। जांच में सरपंच और सचिव द्वारा बिना निर्माण कार्य कराए लगभग 9 लाख रुपये की राशि आहरित किए जाने की बात सामने आने का दावा किया गया। इसके बावजूद, जांच के लगभग 16 दिन बाद 4 दिसंबर को समाज भवन निर्माण के नाम पर करीब 2 लाख रुपये और निकाल लिए गए, जबकि मौके पर निर्माण कार्य शुरू भी नहीं हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा पुलिया तक नाली निर्माण, कचरा शेड, बाउंड्रीवाल, गौठान, मंगल भवन तथा प्रजापति मोहल्ले की नाली जैसे कई कार्यों की पूरी राशि निकाल ली गई, लेकिन अधिकांश कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गबन से जुड़े मामलों की जांच सहायक यंत्री द्वारा कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। ग्रामीणों ने कलेक्टर से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में जिला पंचायत छतरपुर के सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और जांच के आधार पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

भारत की आध्यात्मिक परंपरायें विश्व का मार्गदर्शन करती हैं: उपराष्ट्रपति

Sun Dec 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 दिसंबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को ‘विश्व ध्यान दिवस’ के मौके पर कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरायें विश्व का मार्गदर्शन करती हैं। श्री राधाकृष्णन ने तेलंगाना के कान्हा शांति वनम में ‘विश्व ध्यान दिवस’ के मौके पर आयोजित समारोह में मन की शांति, भावनात्मक […]

You May Like