ककड़ी, लीची भी अच्छी संख्या में बिक रही
जबलपुर: गर्मी का मौसम अपने शवाब पर है। ऐसे में अपने तन और मन को ठंडा रखने एवं पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाए रखने के लिए आमजनों द्वारा तरबूज, खरबूज, ककड़ी, लीची, आम एवं अन्य ऋतु फलों का सेवन बड़ी मात्रा में किया जा रहा है। जिसके चलते फलों के रेट गिर रहे हैं। खपत के अलावा इसके रेट गिरने के पीछे कई कारण है, जैसे कि अधिक उत्पादन, मौसम की बेहतर स्थिति और बाजार की मांग में बढ़ोतरी। हालांकि सेब जैसे कुछ और फलों के रेट अभी भी अधिक हैं, लेकिन आम, केला और तरबूज जैसे फल सस्ते हो गए हैं।
आम की डिमांड
इस भयानक गर्मी में फलों के सेवन से शरीर में तरल की मात्रा के साथ ऊर्जा भी बनी रहती है। जिसके चलते इनकी बिक्री भी खूब हो रही है। फलों का राजा आम सबसे ज्यादा डिमांड में बना हुआ है। इसके बाद तरबूज, खरबूज लोगों का पसंदीदा बना हुआ है।
एक से बढ़कर एक वैरायटी मौजूद
बढ़ती गर्मी के साथ मौसमी फलों की बहार बाजार में दिखाई दे रही है। बात करे आम की तो इसकी कई वैरायटी मौजूद है। रसीले आमों की बाजार में एक दर्जन से ज्यादा की वैरायटी शहर आई है। हर वैरायटी को पसंद करने वाले ग्राहक शहर में मौजूद हैं। इस वक्त बादाम आम की वैरायटी सबसे ज्यादा दिख रही है। इसके साथ ही कलमी, तोतापरी, नीलम, अल्फांसो, सिंधुरा, रत्नागिरि को भी खूब पसंद किया जा रहा है। इनके दाम भी 50 रुपए प्रतिकिलो के आसपास है। आज से बीस दिनों पहले यही आम 50 से 100 रुपए तक बिक रहे थे।
जानकारों की माने तो नर्मदा के आसपास के इलाकों में इस बार तरबूज की पैदावार जमकर हुई है। जिसके चलते इनके दामों में भी गिरावट देखने को मिली है। पिछले 15 से 20 दिनों से तरबूज की कीमत 12 से 15 रुपए प्रति किलो के बीच में बनी हुई है। इसके अलावा खरबूजा, लीची, ककड़ी और अंगूर जैसे फल और सब्जियों की भी आवक जमकर हो रही है। जिसके चलते इनके भी दामों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है।
