भोपाल: आईएचएम के परिसर में कुछ अलग ही नजारा था। छात्र रसोई में नहीं बल्कि इतिहास रचने में जुटे थे। पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत संचालित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट भोपाल ने 269 दशमलव 9 फीट लंबा सैंडविच तैयार किया. भारत का सबसे लंबा सैंडविच बनाकर आईएचएम ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 223 फीट का था, जिसे आज भोपाल ने पीछे छोड़ दिया. खास बात यह है कि पूरा आयोजन शत प्रतिशत जीरो वेस्ट मॉडल पर किया गया। तैयारी से लेकर सैंडविच के वितरण तक कहीं भी खाने की बर्बादी नहीं हुई। सामग्री का सही अनुमान पहले से लगाया गया। इस प्रक्रिया में ब्रेड बैच के अनुसार बनाई गई और सैंडविच को सबके सामने लाइव तैयार किया गया।
7 मिनट 26 सेकंड में सैंडविच को किया तैयार
रिकॉर्ड सैंडविच के लिए विशेष ब्रेड तैयार की गई थी। छात्रों फैकल्टी और शेफ्स की टीम ने एक जैसी बनावट और मजबूती वाली ब्रेड तैयार करने में कई दिनों तक मेहनत की। आयोजन के दिन फूड प्रोडक्शन और फूड एंड बेवरेज सर्विस विभाग के मार्गदर्शन में 70 से 80 छात्रों और स्टाफ ने सिर्फ 7 मिनट 26 सेकंड में पूरे सैंडविच को जोड़कर तैयार कर दिया। यह नजारा देखने वालों के लिए भी रोमांचक था।
संस्थान के प्राचार्य डॉ रोहित सरीन पूरे समय छात्रों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह प्रयास केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं था, बल्कि छात्रों को यह सिखाने के लिए था कि बड़े स्तर पर काम कैसे जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ किया जाता है। इस अनोखे प्रयास को अमूल और वीबा का सहयोग मिला। वहीं बे बे फार्म्स ने इसे संचालित किया।
आयोजन के दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ प्रख्यात शेफ और शिक्षाविद भी मौजूद रहे। सभी ने छात्रों की मेहनत और सोच की सराहना की। इस आयोजन ने यह साफ कर दिया कि भोपाल का आईएचएम केवल खाना बनाना ही नहीं सिखाता, बल्कि जिम्मेदारी नवाचार और भविष्य की सोच भी तैयार करता है।
