30 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर का साथी गिरफ्तार

ग्वालियर:ग्वालियर पुलिस ने डकैतों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर के एक सक्रिय साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) जयराज कुबेर तथा एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में की गई है।

​गिरफ्तार आरोपी: अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी (21 वर्ष), निवासी ग्राम सहराना, थाना सिविल लाइन, जिला मुरैना।​बरामदगी: 315 बोर का एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त सफेद-लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल।​संयुक्त पुलिस टीम: पिछले 8 दिनों से घाटीगांव, मोहना, भंवरपुरा और आरोन थाना क्षेत्रों की संयुक्त पुलिस टीमें जंगलों में सघन सर्चिंग अभियान चला रही हैं।
​कंटेनर चालक से रंगदारी और फायरिंग की वारदात
​लगभग आठ दिन पूर्व डकैत कल्ली गुर्जर और उसके साथियों ने शिवपुरी हाईवे पर एक कंटेनर चालक को रोककर रंगदारी की मांग की थी। चालक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कंटेनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसके कई टायर क्षतिग्रस्त कर दिए थे। घटना के बाद से ही पुलिस जंगलों में लगातार घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
​कैंट रोड रेलवे ब्रिज के पास से दबोचा गया आरोपी
एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी घाटीगांव निरीक्षक पूरन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम कैंट रोड क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
​पूछताछ में हुए बड़े खुलासे
​पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले करीब छह माह से 30 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर के संपर्क में था।
​उसने बताया कि 26 जुलाई को कल्ली गुर्जर, अजय गुर्जर और हरिओम गुर्जर ने मिलकर शिवपुरी हाईवे पर भारी वाहनों से अवैध वसूली की योजना बनाई थी।
​विरोध करने पर कल्ली गुर्जर ने कंटेनर के टायरों पर फायरिंग की थी।
​घटना के बाद आरोपी अजय ने मौके से खाली खोखे उठाकर ठिकाने लगाए थे, जिसके एवज में कल्ली गुर्जर ने उसे 315 बोर का कट्टा और कारतूस दिए थे।
​मुख्य इनामी डकैत की तलाश जारी
​गिरफ्तार आरोपी से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर 30 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर एवं उसके अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की संयुक्त टीमें जंगल क्षेत्रों में लगातार सघन सर्चिंग कर रही हैं।

Next Post

दंडित बंदी गंधर्भ सिंह की मौत की न्यायिक जांच, 22 अगस्त तक साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर

Tue Aug 4 , 2026
ग्वालियर:भिण्ड जिले के ग्राम गिरवासा निवासी दंडित बंदी गंधर्भ सिंह यादव की जयारोग्य अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मृत्यु की न्यायिक जांच शुरू हो गई है। जांच अधिकारी जेएमएफसी नूरून निशा अंसारी ने मामले से जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं से 22 अगस्त तक साक्ष्य एवं अभ्यावेदन प्रस्तुत करने की […]

You May Like