ब्यावरा: शासन की मंशानुरुप गांव-गांव, कस्बे, नगरों में प्रत्येक घर तक नलजल योजनांतर्गत शुद्ध पेयजल आमजन तक पहुंचे, परन्तु नगर में कुछ जगहों पर नलों से दुर्गंधयुक्त एवं मटमैला पानी आने से रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या को माह गुजरकर साल भर होने को आ रहा है. नपा के जिम्मेदारों को इससे कई बार अवगत कराते हुए सीएम हेल्पलाइन में भी इसकी शिकायत हो चुकी है, किंतु समस्या का हल आज तक नहीं हो सका.
जानकारी के अनुसार राजगढ़ रोड पर पंचशील कॉलोनी क्षेत्र में कई पेयजल सप्लाई के दौरान काफी मटमैला व दुर्गंधयुक्त पानी नलों में आता है. पन्द्रह मिनिट से अधिक समय तक ऐसा पानी आता है. इस समस्या को कई माह हो गये है. इसकी जानकारी नपा के जिम्मेदारों को कई बार की जा चुकी है, परन्तु हर बार बस आवश्वासन ही दिया जा रहा है, समस्या का निराकरण आज दिनांक तक नहीं हो सका. इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी की जा चुकी है, यही नहीं नपा की और से संबंधित को यह तक कहा जाता है कि शिकायत वापस ले लो समस्या का निराकरण हो जाएगा.
अहम समस्या की लम्बे समय तक अनदेखी इस समस्या को एक साल होने को है. इतने लम्बे समय तक इस तरह की अहम समस्या के प्रति की जा रही अनदेखी का खामियाजा रहवासियों को उठाना पड़ रहा है. नल चलने के उपरांत काफी समय तक दुर्गंधयुक्त मटमैला पानी आने से मजबूरन उस पानी को सडक़ पर बहाया जाता है. कई बार अनजाने में यह मटमैला पानी बर्तनों में भर जाने से समस्या और बढ़ जाती है.
नाले के यहां से गुजरी है पाइप लाइन जानकारी के अनुसार राजगढ़ रोड पर श्रीराधाकृष्ण मंदिर के समीप निकले नाले की पुलिया के यहां से पेयजल सप्लाई लाइन गुजर रही है जो कि मलबे और पानी में पूरी तरह डूबी रहती है. प्रायः यहां पर किसी प्रकार का कोई लिकेज होने से इस तरह की समस्या बनी हुई है.स्वास्थ्य के लिए हानिकारक दूषित पानी वैसे तो दुर्गंधयुक्त मटमैला पानी निकलने के बाद साफ पानी आने पर बर्तनों में भरा जाता है किंतु कई बार अनजाने में इस तरह का दूषित पानी बर्तन में पहुंचने तथा इसके उपयोग का भय बना रहता है. इस तरह का दूषित पानी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होकर बिमारियों का घर है.जल्द टीम मौके पर भेजकर इसको दिखवाएंगे तथा शीघ्र ही इस समस्या का निराकरण होकर पेयजल सप्लाई में शुद्ध पेयजल पहुंचेगा.
इकरार अहमद
मुख्य नगर पालिका अधिकारी
नपा ब्यावरा
