जगदलपुर, 01 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जगदलपुर से दंतेवाड़ा तक सड़क मार्ग के जरिए पहुंचे। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में आकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाढ़ प्रभावित परिवार के लोगों से सीधी बातचीत की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल में ही छत्तीसगढ़ को नक्सल प्रभाव से मुक्त कर लिए जाने का लक्ष्य केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रखा है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के वास्ते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसी साल दो बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं। यहां उन्होंने दो बार समीक्षा बैठक की है। एक बार की समीक्षा बैठक में सभी नक्सल प्रभावित राज्यों के पुलिस महानिदेशकों ने हिस्सा लिया था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाढ़ प्रभावितों से मिलकर, राहत कार्यों की जमीनी हकीकतों को खुद से देखा और परखा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह साल 2018 में जगदलपुर से दंतेवाड़ा तक की दूरी सड़क मार्ग के जरिए ही पूरी की थी।
नक्सल प्रभावित राज्य में एक मुख्यमंत्री का लंबी दूरी तक सड़क मार्ग से आवागमन करना यह बताता है कि राज्य में सुरक्षा का माहौल उम्दा है।
नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग नक्शे के लिहाज से तीन हिस्सों में विभाजित है। दक्षिण बस्तर में दंतेवाड़ा,सुकमा और बीजापुर जिला आता है। मध्य बस्तर में बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर तथा उत्तर बस्तर में कांकेर जिला आता है। वर्ष 2018 के बाद, सात सालों में यह पहला मौका है जब, राज्य के मुख्यमंत्री ने जगदलपुर से दंतेवाड़ा तक की दूरी को सड़क मार्ग से तय किया है।
