वाशिंगटन, 16 अप्रैल (वार्ता) पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘जल्दबाजी’ में किए गए कार्यों को ‘विध्वंसकारी’ करार देते हुए चेतावनी देते हुए कहा कि देश मे कोई भी ‘राजा’ नहीं है ।
व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद से शिकागो मे कल विकलांग अधिवक्ताओं, काउंसलर्स और प्रतिनिधियों की वर्ष 2025 की राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री बाइडेन ने पहली बार ट्रंप प्रशासन की नीतियों की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की।
अपने करीब 27 मिनट के संबोधन में श्री बाइडेन ने यह भी चेताया कि सामाजिक सुरक्षा में और कटौती लाखों अमेरिकियों काे प्रभावित करेगी। पूर्व राष्ट्रपति ने श्री ट्रंप का नाम लिए बगैर व्हाइट हाउस की अब तक की कार्रवाईयों को विध्वंस की श्रेणी मे असाधारण करार दिया।
उन्होंने कहा “100 दिनों से भी कम समय में इस नए प्रशासन ने इतना नुकसान और विनाश कर दिया है जो एक तरह से असाधारण ही है कि ऐसा इतनी जल्दी हो सका।”
पूर्व डेमोक्रेट राष्ट्रपति ने चेताया कि देश पहले कभी भी इतना विभाजित नहीं था। उन्होंने कहा ‘‘ कोई भी राजा नहीं है, कोई भी ‘बास’ नहीं है। ईमानदारी, सभ्यता जहां कठिन परिश्रम के लिए ईनाम मिले। एक दूसरे पर थोडा विश्वास करें, निष्पक्षता सिर्फ निष्पक्षता, हम आज इस तरह विभाजित होकर आगे नहीं बढ सकते हैं।”
श्री बाइडेन ने श्री ट्रंप के सलाहकार एलन मस्क पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा को पोंजी स्कीम कहने वाले श्री मस्क उनमें से ही एक हैं।
श्री बाइडेन ने कहा “ ये लाेग क्या बात कर रहे हैं। लोगों को यह लाभ कमाना पड़ता है। उन्होंने इनके लिए कीमत अदा की है। वे इसपर निर्भर करते हैं और किसी को भी उनसे यह नहीं छीनना चाहिए।”
श्री ट्रंप राष्ट्रपतिकाल के अपने शुरूआती दिनों से ही पूर्व राष्ट्रपति को नीचा दिखाते रहे हैं लेकिन मंगलवार को अपने संबोधन से पहले श्री बाइडेन ने वर्तमान राष्ट्रपति के बारे में अपनी आलोचनाओं को कभी जाहिर नहीं किया था।
इस बीच श्री ट्रंप के राष्ट्रपतिकाल के दूसरे चरण में सामाजिक सुरक्षा प्रशासन (एसएसए) काफी विवादों मे घिरा रहा है। इसमें श्री ट्रंप द्वारा श्री मस्क के डिपार्टमेंट आफ गवरमेंट एफिश्यंसी (डीओजीई)को सामाजिक सुरक्षा नम्बर उपलब्ध कराए जाने के खिलाफ दाखिल एक मुकदमा भी शामिल है।
गौरतलब है कि श्री ट्रंप और श्री मस्क ने एसएसए में हजारों नौकरियों में कटौती कर दी है और इसमे दोबारा कटौती किए जाने की याेजना भी है।
इस बीच श्री बाइडेन का संगोष्ठी में परिचय कराते हुए कमिश्नर मार्टिन ओ माले ने आरोप लगाया कि श्री ट्रंप और श्री मस्क ने एसएसए को बेडि़यों मे डालकर नष्ट कर दिया है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन के उस आरोप को एक बड़ा झूठ करार दिया जिसमें दावा किया गया था कि मृत व्यक्ति और अवैध प्रवासी लाेग धोखाबाजी कर इससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा “ अमेरीकी लाेग इसे नहीं मानेगें1 वो ऐसा नहीं मानेंगे क्योंकि यह सही नहीं है।”
गौरतलब है कि डेमोक्रेट पार्टी नेता सामाजिक सुरक्षा में संभावित कटौती के लिए चेेताते रहे है। उन्हें डर है कि इसका इस्तेमाल अमीर लोगों के लिए आयकर में कमी करके किया जाएगा। पिछले महीने ही गवर्नर जे बी प्रित्जकर ने श्री ट्रंप और श्री मस्क पर आरोप लगाया था कि लाभार्थी लाेगों स्वत: पेश होने का आदेश दे ये एसएसए को नष्ट कर रहे है। इस बीच व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने मंगलवार को व्हाइट हाउस की एक ब्रीफ्रिंग में श्री बाइडेन पर चुटकी लेते हुए कहा “ मैं अचंभित हूं कि वह रात को बात कर रहे है। मुझे लगा कि उनके भाषण से पहले उनका सोने का समय हो जाता है।”
