
छिंदवाड़ा. तामिया की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, मानसूनी सौंदर्य, जलप्रपात, घने जंगल, स्थानीय जनजीवन, संस्कृति, होमस्टे एवं पर्यटन अनुभवों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद फोटोग्राफी कॉम्पटिशन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन तामिया सावन महोत्सव का अंग है, जो 21 से 23 अगस्त तक होगा। फोटोग्राफी प्रतियोगिता के लिए पंजीयन शनिवार से शुरू कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता की थीम नेचर ,लाइफ , कल्चर , स्टे , मानसून रखी गई है। इसके माध्यम से फोटोग्राफी प्रेमियों एवं प्रतिभागियों को तामिया के अनदेखे और खूबसूरत पहलुओं को अपने कैमरे, मोबाइल अथवा अन्य फोटोग्राफी उपकरण के माध्यम से सामने लाने का अवसर मिलेगा।
15 से 21 अगस्त तक कर सकेंगे सहभागिता ००००००
प्रतियोगिता के लिए पंजीयन एवं इन्स्टाग्राम पर फोटो पोस्ट करने की अवधि 15 अगस्त 2026 से 21 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को गूगल फॉर्म के माध्यम से आवश्यक जानकारी भरकर प्रतियोगिता में अपनी प्रविष्टि दर्ज करनी होगी।
तामिया की कहानी तस्वीरों के साथ होगी प्रस्तुत००००००
प्रतियोगिता में केवल सुंदर तस्वीर ही नहीं, बल्कि तामिया से जुड़ी उसकी कहानी और स्थान को भी महत्व दिया जाएगा। प्रतिभागी को प्रत्येक फोटो के साथ लोकेशन तथा 1–2 पंक्ति का संक्षिप्त स्टोरी विवरण देना आवश्यक होगा। फोटो प्रतिभागी द्वारा स्वयं खींची गई होना अनिवार्य है तथा फोटो तामिया अथवा तामिया क्षेत्र की होनी चाहिए। एआई-जनरेटेड, इंटरनेट से ली गई अथवा किसी अन्य फोटोग्राफर की फोटो स्वीकार नहीं की जाएगी। फोटो में बेसिक एडिटिंग जैसे क्रॉप, एक्सपोसर, कलर करेक्शन, कन्ट्रास एवं ब्लैक एंड व्हाईट की अनुमति रहेगी। आवश्यकता पडऩे पर आयोजक द्वारा प्रतिभागी से फोटो की ओरिजनल फोटो/फाईल प्रस्तुत करने को कहा जा सकता है।
आकर्षक पुरस्कार एवं विशेष सम्मान ०००००००
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट फोटोग्राफी को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार 2,500 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 1,000 रुपये रहेगा। जिस पोस्ट में सबसे ज्यादा लाइक एवं शेयर होंगे, उसे प्यूपल्स चॉइस अवॉर्ड दिया जाएगा। इसके अलावा हिडन तामिया स्पेशल अवॉर्ड भी रहेगा।
