नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अफगानिस्तान में रविवार रात आये विनाशकारी भूकंप में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये भारत की तरफ से हरसंभव मानवीय सहायता प्रदान करने की पेशकश की है।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में सोमवार को कहा “ अफ़ग़ानिस्तान में आये भूकंप में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूँ। इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत प्रभावित लोगों को हर संभव मानवीय सहायता और राहत प्रदान करने के लिए तत्पर है।”
गौरतलब है कि पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के कुनार और नांगरहार प्रांतों में आये भूकंप कम से कम 622 लोगों की मौत हो गयी और इस प्राकृतिक आपदा में 1,555 अन्य घायल हुए हैं।
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार रविवार को स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे अफगानिस्तान के पूर्वी भाग में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र नंगरहार प्रांत की राजधानी जलालाबाद से 27 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में आठ किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
