
भोपाल, 1 फरवरी. नजीराबाद इलाके में मिनीट्रक की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है. टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार हेमराज जोशी (43) मूलत: सुठालिया जिला रायसेन का रहने वाला था और प्रायवेट काम करता था. शुक्रवार दोपहर वह अपने भाई के साथ बाइक से राजगढ़ लौट रहा था. शाम करीब चार बजे नजीराबाद थानांतर्गत ग्राम सिंधोड़ा के पास मिनीट्रक ने हेमराज की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई बाइक समेत सड़़क पर गिरकर घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए बैरसिया शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया. यहां कुछ समय चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने हेमराज को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मिनीट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
