
इंदौर: रालामंडल अभयारण्य में रविवार को रालामंडल हिल रन का आयोजन किया जाएगा. आयोजन इंदौर वन मंडल और इंडोर सुपरचार्जर्स हेल्थ एंड वेलफेयर सोसायटी के साथ सहयोग से किया जा रहा है.इंदौर वन मंडल के अधिकारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों में जंगलों का संरक्षण केवल नियमों से संभव नहीं है, इसके लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से लोग जंगलों को केवल भ्रमण स्थल नहीं, बल्कि शहर के जीवन-समर्थन तंत्र के रूप में समझने लगते हैं. कार्यक्रम में करीब 250 से 275 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है.
हिल रन का उद्देश्य नागरिकों को फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और यह संदेश देना है कि मानव स्वास्थ्य और स्वस्थ वन पारिस्थितिकी तंत्र एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं. वन विभाग का मानना है कि रालामंडल जैसे पहाड़ी पारिस्थितिकी तंत्र जलवायु संतुलन, जैव विविधता और भूजल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. हिल रन के जरिए फिटनेस, प्रकृति और समुदाय को जोड़कर नागरिक-सहभागिता आधारित संरक्षण का संदेश दिया जाएगा.
