भिण्ड: प्रदेश में जिलों, तहसीलों, विकासखंडों और अन्य प्रशासनिक इकाइयों की सीमाओं की समीक्षा कर सरकार को रिपोर्ट सौंपने वाला मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग आज सोमवार को पहली बार भिंड जिले के दौरे पर है। आयोग के सदस्य अक्षय सिंह दो दिवसीय प्रवास के दौरान जिले की प्रशासनिक व्यवस्था का अध्ययन कर, अधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं।
आयोग के सदस्य विभिन्न जनपद क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा जिला स्तरीय बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा कर जिले की भौगोलिक, प्रशासनिक और जनसंख्या संबंधी स्थिति की जानकारी लेंगे। आयोग के सदस्य जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों या अन्य लोगों से भी सुझाव लेंगे या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं आई है। गौरतलब है कि आयोग का यह दौरा पहले 27 और 28 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में कार्यक्रम में संशोधन कर इसे 28 और 29 सितंबर कर दिया गया।
इस संबंध में कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना का कहना है कि मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के सदस्य जिला स्तरीय बैठक करेंगे।
प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग प्रदेशभर में जिलों, तहसीलों, विकासखंडों और अन्य प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है। आयोग स्थानीय परिस्थितियों, जनसंख्या, भौगोलिक दूरी और प्रशासनिक सुविधा के आधार पर अपनी अनुशंसाएं राज्य सरकार को देगा। ऐसे में भिंड का यह पहला दौरा जिले से जुड़े संभावित सीमा परिवर्तन के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
