
भोपाल। कांग्रेस सचिव कुणाल चौधरी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश के किसानों को राहत देने की मांग की है।
चौधरी ने अपने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश के किसान लगातार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। मौसम की अनियमितता, फसलों के उचित दाम नहीं मिलना और सरकारी योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन न होने के कारण किसानों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
उन्होंने 28 मार्च को कृषि ऋण अदायगी की निर्धारित अंतिम तिथि पर भी चिंता जताई। चौधरी ने कहा कि अभी तक गेहूं खरीदी शुरू नहीं हुई है और किसानों की फसलें बिना बिके पड़ी हैं, ऐसे में ऋण चुकाना उनके लिए संभव नहीं है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि ऋण वसूली की अंतिम तिथि को खरीदी प्रक्रिया पूरी होने तक बढ़ाया जाए और 18 प्रतिशत दंडात्मक ब्याज को माफ किया जाए। साथ ही, बिजली बिल वसूली में सख्ती के मामलों की निंदा करते हुए उन्होंने किसानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा बिजली बिल माफी या व्यापक राहत पैकेज देने की मांग की।
