
छिंदवाड़ा. आने वाले दिनों में ईद मिलाद उन नवी , भुललिया, जन्माष्टमी और गणेश उत्सव त्यौहार को देखते हुए आज कलेट्रेट कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि ईद मिलाद उन नवी और भुजलिया का जुलूस परंपरागत मार्गो से होकर निकलेगा. सभी त्यौहार शांति और भाईचारे के साथ मनाए जाएगे. इस बैठक में हिंदू संगठन और मुस्लिम समुदाय के पदाधिकारी शामिल हुए. कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने आगामी त्यौहारों में आवश्यक व्यवस्थाए सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है. कलेक्टर हरेन्द्र नारायन को मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने बताया कि ईद मिलाद-उन-नवी पर्व 26 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा. पर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सजावट की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर लंगर का आयोजन किया जाएगा. दोपहर लगभग 2 बजे आजाद चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी प्रारंभ होगा। जुलूस राज टॉकीज, गोलगंज, फव्वारा चौक, बस स्टैंड, यातायात थाना, अलका टॉकीज, तिलक मार्केट, गणेश चौक, रॉयल चौक एवं करबला चौक होते हुए पुन: आजाद चौक पहुंचेगा। जुलूस में विभिन्न क्षेत्रों एवं आसपास के ग्रामों से आने वाली टोलियां शामिल होंगी. इस पर कलेक्टर ने जुलूस के पारंपरिक मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए. बैठक में डीजे संचालकों को बैठक में निर्देश दिए गए कि डीजे पर रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध रहेगा. डीजे के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करे.
भुजलिया पर्व पर जुलूस एवं विसर्जन व्यवस्था ०००००००००
बैठक में भुजलिया पर्व के अंतर्गत शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं जुलूसों की जानकारी दी गई. छोटी बाजार क्षेत्र में 29 अगस्त को जुलूस आयोजित किया जाएगा. जुलूस राम मंदिर एवं बड़ी माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ होकर निर्धारित पारंपरिक मार्ग से होते हुए बड़ा तालाब पहुंचेगा. जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, गड्ढों की मरम्मत, निर्माण सामग्री हटाने, अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. जुलूस मार्ग का संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण करने को कहा गया. चार फाटक क्षेत्र में 30 अगस्त को भुजलिया उत्सव आयोजित होगा। संतोषी माता मंदिर से जुलूस प्रारंभ होकर निर्धारित मार्ग से पातालेश्वर क्षेत्र पहुंचेगा तथा भुजलिया विसर्जन किया जाएगा। क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई, यातायात तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रमों के लिए व्यवस्था ०००००
बैठक में बताया गया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा. इसके एक दिन पूर्व तथा जन्माष्टमी के दिन विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों को वालंटियरों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रम का स्थान, मार्ग एवं समय की जानकारी लिखित रूप में देने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए.
गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था ०००००
बैठक में बताया गया कि गणेश उत्सव 14 सितंबर से प्रारंभ होकर 25 एवं 26 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन तक चलेगा. गणेश पंडाल सड़क पर नहीं लगाए जाएंगे तथा निर्धारित स्थान पर ही पंडाल स्थापित किए जाएंगे. गणेश उत्सव के दौरान महिला सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिस बल तैनात करने तथा फव्वारा चौक क्षेत्र में मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. गणेश प्रतिमाओं का निर्माण निर्धारित सीमा के अनुरूप किया जाए. प्रतिमा निर्माण में प्राकृतिक एवं पारंपरिक मिट्टी का उपयोग किया जाए तथा पीओपी, रासायनिक पदार्थ एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री का उपयोग न किया जाए. गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए छोटा तालाब, कुलबेहरा नदी सहित निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल, होमगार्ड, नाव, गोताखोर, बैरिकेडिंग एवं रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
