सतना:मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सतना जिले में दूसरा कैम्प शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय परिसर सतना में सांसद गणेश सिंह, महापौर नगर निगम योगेश ताम्रकार, स्पीकर राजेश चतुर्वेदी और संभागीय कमिश्नर रीवा शीलेन्द्र सिंह की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, आयुक्त नगर निगम शैलेन्द्र सिंह सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारियों ने उद्यम संवाद, जनसंवाद, जनसुनवाई और लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण की कार्यवाही की। रीवा कमिश्नर द्वारा सतना जिले के लिए चयनित चार शिकायतों में की गई कार्यवाही की जानकारी आवेदकों के समक्ष ली।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ नगर निगम के सभाकक्ष में नगर के उद्यमियों के साथ संवाद से किया गया। उद्यम संवाद के दौरान राज्य शासन की हितकारी औद्योगिक नीतियों की सराहना रकते हुए राइस मिल्स एसोसिएशन के ललित माहेश्वरी ने कहा कि शासन की औद्योगिक नीति और शासकीय सहयोग से जिले में राइस मिलों की संख्या 200 से बढाकर 1200 तक पहुंच गई है। इस उद्यम संवाद में विध्य चेम्बर्स ऑफ कामर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा सहित विभिन्न व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह ने लंबित सीएम हेल्पलाइन से 4 शिकायतों का चयन कर समाधान कार्यक्रम में चारों आवेदकों को समक्ष में सुना और अधिकारियों से की गई निराकरण की जानकारी ली। पहली शिकायत में रामायण कुशवाहा ने बताया कि उनका सब्जी का व्यापार है। उन्होंने कन्या शिक्षा परिसर को सब्जियों की आपूर्ति की है। जिसका वर्ष 2024-25 का देयक 1 लाख 32 हजार रूपये डेढ साल से भुगतान के लिए लंबित रहा। शिकायत के बाद देयक में कटौती कर 1 लाख 4 हजार का भुगतान किया गया है। कमिश्नर ने विभाग के अधिकारी से देयक लम्बे समय तक लंबित रहने का कारण पूंछा और देयक को लंबित रखने के दोषी कर्मचारी लेखापाल आशुतोष मिश्रा को निलंबित करने के निर्देश दिये।
समधान की दूसरी शिकायत में राजकुमार साकेत ने बताया कि नगर निगम सतना द्वारा अवैध कॉलोनी बताकर उनके भवन निर्माण की मंजूरी और नक्शा पास नहीं किया गया। जबकि अन्य लोगों के उसी कॉलोनी में भवन निर्माण मंजूरी के बाद हुए है। कमिश्नर ने पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी पाये जाने पर इंजीनियर एस कुमार मिश्रा और भवन अनुज्ञा अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। खाद्य विभाग की अंकित कुमार की मई-जून का खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत में जिला खाद्य अधिकारी सम्यक जैन ने बताया कि पिछले दो माह का खाद्यान्न हितग्राही द्वारा 20 जुलाई को मांगा गया है। पिछले माह का खाद्यान्न दिये जाने का प्रावधान नहीं है। हितग्राही ने बताया कि वह उन्हीं माह में खाद्यान्न लेने गये थे। लेकिन सर्वर नहीं चलने से लौटा दिया गया। कमिश्नर रीवा ने इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार नगर निगम सतना के अंतर्गत अनुकंपा नियक्ति के मामले में संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा रीवा को परीक्षण कर प्रतिवेदन देने के निर्देश कमिश्नर ने दिये।