
रीवा। मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुई एक संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. उल्लेखनीय है कि नगर परिषद क्षेत्र के भाठी गांव के पास हुए कथित सडक़ हादसे में तिलया गांव निवासी 48 वर्षीय प्रदीप शुक्ला की मौत के बाद परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए पहले तो पोस्टमार्टम से इनकार कर थाने का घेराव कर हत्या का आरोप लगाया. मृतक का बेटा सत्यम शुक्ला ने बताया कि 9 दिसम्बर की रात्रि तकरीबन 8.30 बजे अपने पिता के साथ बाइक से हनुमना बाजार से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उनकी बाइक सडक़ किनारे एक ट्रैक्टर से टकरा गई. इसी दौरान एक आदिवासी युवक भी घायल हुआ.
सत्यम का आरोप है कि दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे कुछ आदिवासी युवकों ने उसके पिता को पीट-पीटकर मार डाला. उसने ‘छंगा कोल’ सहित कई युवकों पर हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि हमलावरों ने उसके पिता को बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई.
एसडीओपी की समझाइश पर माने परिजन
सुबह घटना की सूचना लगते ही परिजन और ग्रामीण सुबह से ही पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे. दोपहर तक बड़ी संख्या में लोग हनुमना थाने पहुंच गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. दूसरी ओर सूचना मिलने पर एसडीओपी सची पाठक थाने पहुंचीं और परिजनों से चर्चा की. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला सडक़ दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा. पुलिस सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज कर विवेचना में लिया है. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार हेतु शव को परिजनों को सौंप दिया.
