
जबलपुर। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की आहट के बीच दिन व रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई है। इसके साथ ही ठंडी हवाएं चली जिससे कंपकंपी छूट गई। लोग ठँड से बचने गर्म कपड़े लादकर निकले । दिन में सूर्यदेव के निकलने से ठंडी से राहत रही। अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 72 और शाम को 54 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 4 से 5 किमी की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की उचाई पर लगभग 222 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही हैं। एक नया, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के 13 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
