भोपाल। श्री विद्योदय तीर्थ, एमपी नगर में आयोजित धर्मसभा में आचार्य श्री 108 समय सागर महाराज ने कहा कि आगम आधारित ज्ञान ही मोक्षमार्ग का सच्चा आधार है। उन्होंने कहा कि प्रवचनों का उद्देश्य मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्मकल्याण और तत्त्वज्ञान का प्रसार होना चाहिए। आचार्य श्री ने कहा कि गुरु की दिखाई राह पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और यदि कोई स्वयं उस मार्ग पर नहीं चल सकता तो कम से कम उसे कलंकित भी न करे। उन्होंने आगम के आधार पर ही जिज्ञासा और उसके समाधान का आग्रह करते हुए कहा कि गुरु नई राह नहीं बनाते, बल्कि जिनेन्द्र भगवान द्वारा बताए मार्ग का अनुसरण कराते हैं। धर्मसभा का शुभारंभ पंचायत कमेटी के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी व पदाधिकारियों ने चित्र अनावरण और दीप प्रज्ज्वलन से किया। इस अवसर पर बाकलीवाल परिवार, इंदौर ने आचार्य श्री को शास्त्र भेंट किए।
आगम आधारित ज्ञान ही मोक्षमार्ग का सच्चा पथ, धर्म में मनोरंजन नहीं सत्य हो: आचार्य समय सागर
