महू:इन्फेंट्री स्कूल, महू में मंगलवार से 38वीं इन्फेंट्री कमांडर्स कांफ्रेंस शुरू हो गई. यह कांफ्रेंस 11 दिसंबर तक चलेगी. इसमें इन्फेंट्री के परिचालन, प्रशिक्षण और प्रबंधन पहलुओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी.इस कांफ्रेंस में सेना अध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, पीवीएसएम, एवीएसएम के साथ-साथ देशभर से आए वरिष्ठ इन्फेंट्री अधिकारी भी भाग ले रहे हैं, जिनमें फॉर्मेशन कमांडर, रेजीमेंट के कर्नल, रेजीमेंटल सेंटर कमांडेंट और चयनित कमांडिंग ऑफिसर शामिल हैं. यह आयोजन मुख्य रूप से महू में हो रहा है और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर के विभिन्न सेन्य केंद्रों से जुड़ा हुआ है.
अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई
इस कांफ्रेंस के दौरान अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है, जिनका हाल ही में इन्फेंट्री में समावेश किया गया है. इन हथियार प्रणालियों और शस्त्रों का शक्ति प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो इन नई प्रणालियों और गोलाबारी की क्षमता को प्रदर्शित करेगा. इस कांफ्रेंस का मुख्य उद्देश्य इन्फेंट्री के आधुनिकीकरण, पुनर्गठन, मानव संसाधन प्रबंधन और भविष्य के विकास पर महत्वपूर्ण चर्चा करना है. इन विचार-विमर्शों के माध्यम से ऐसे नवाचारों पर विचार किया जाएगा, जो इन्फेंट्री को राष्ट्रीय सुरक्षा के उभरते हुए खतरों से निपटने में और अधिक सक्षम बनाने में मदद करेंगे.
