बड़ी उपलब्धि :सभी आठ विधानसभा में डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण

जबलपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत जबलपुर जिले के नाम बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केंट के मतदाताओं के गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन के साथ ही आज सोमवार को जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्र में तीन दिन शेष रहते शत-प्रतिशत गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों पाटन, बरगी, सिहोरा, पनागर, जबलपुर उत्‍तर, जबलपुर पश्चिम एवं जबलपुर पूर्व में यह काम पहले ही पूरा कर लिया गया था।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह ने जिले की आठो विधानसभा क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदाताओं के गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा होने पर सभी बीएलओ एवं बीएलओ के सहायकों, बीएलओ सुपरवाईजर, सेक्‍टर अधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रिकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रिकरण अधिकारी को बधाई दी है। श्री सिंह ने एसआईआर के अंतर्गत मतदाताओं के घर-घर सत्‍यापन, गणना पत्रकों का वितरण और गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन के कार्य के प्रति इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगन और निष्‍ठा की सराहना भी की है।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिले में 19,25,472 मतदाताओं की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 2,62,722 मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्‍त नहीं हुए हैं, जिनमें 50,992 मृत, 77,450 अनुपस्थित और 1,18,898 स्थायी स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। जिन मतदाताओं के प्रपत्र अभी तक नहीं भरे गए हैं, वे 9, 10 और 11 दिसंबर को अपने बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र भर सकते हैं, अन्यथा उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। प्रारूप मतदाता सूची 16 दिसंबर को प्रकाशित होगी और मतदाता केंद्रों पर दावे-आपत्तियां की जा सकेंगी।

इसके अलावा, 1,15,490 मतदाताओं के डिजिटाइज्ड प्रपत्र 2003 की सूची से मैप नहीं हो सके हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होंगे। एएसडीआर (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और रिपीट) श्रेणी के मतदाता जिनके प्रपत्र प्राप्‍त नहीं हुए हैं, उनमें पाटन के 21,608, बरगी के 24,308, जबलपुर पूर्व के 51,015, जबलपुर उत्तर के 27,176, जबलपुर केंट के 41,801, जबलपुर पश्चिम के 47,139, पनागर के 31,123 और सिहोरा के 18,552 मतदाता शामिल हैं, जो जिले के कुल मतदाताओं का 13.64 प्रतिशत हैं।

Next Post

वार्ड 34 पार्षद के उप चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपाई

Tue Dec 9 , 2025
सिंगरौली:नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 34 में होने वाले उप चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली की उच्च स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। यह महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह के नेतृत्व तथा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। भाजपा पार्षद रंजना सिंह पटेल की […]

You May Like