आज मंगलवार से शुरु हो जाएंगी तानसेन समारोह की संगीत सभाएं, मुख्य समारोह 15 से

ग्वालियर: प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि संगीत-शिरोमणि तानसेन की पावन स्मृति और उनकी अलौकिक संगीत-परंपरा को अक्षुण्य बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा विश्व-स्तरीय संगीत समागम “तानसेन समारोह” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। अपना शताब्दी वर्ष पूर्ण कर यह प्रतिष्ठित समारोह अब अपने 101वें स्वर्णिम पड़ाव की ओर अग्रसर है।

तानसेन समारोह की परम्परानुसार 9 दिसम्बर को सायं 6 बजे से श्री अवधबिहारी जी मंदिर, किला चौक, दतिया में प्रादेशिक पूर्वरंग श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बृजमोहन बमरेले, इंदौर का वायलिन वादन, सुश्री साक्षी पण्डोले, उज्जैन का गायन, अनिरुद्ध जोशी, भोपाल का सितार वादन और मुस्कान अग्रवाल, दतिया की गायन सभा सजेगी।

इसी क्रम में 13 दिसम्बर को सायं 6 बजे से टाउन हॉल, पोलो ग्राउंड के सामने, शिवपुरी में भी प्रादेशिक पूर्वरंग श्रृंखला अंतर्गत संगीत सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें यश गोपाल श्रीवास्तव, सागर का गायन, अमरीश गंगराड़े, भोपाल का सितार वादन, अजय पी. झा का मोहनवीणा वादन और स्थानीय कलाकारों द्वारा गायन सभा आयोजित की जा रही है। मुख्य समारोह 15 से 19 दिसंबर तक ग्वालियर में तानसेन के समाधि स्थल पर होगा।

Next Post

नक्सल मुक्त एमपी की ओर बढ़ते कदम

Tue Dec 9 , 2025
बालाघाट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में 10 हार्डकोर नक्सलियों का आत्मसमर्पण केवल एक प्रशासनिक सफलता नहीं, बल्कि एक मानसिक, सामाजिक और रणनीतिक विजय का संकेत है. यह उस लंबी लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो प्रदेश ने दशकों तक लाल आतंक के खिलाफ लड़ी है. जिस धरती […]

You May Like