शिवपुरी: शिवपुरी में नेशनल हाईवे-46 पर रात में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां टंकी वाले हनुमान मंदिर के पास ग्वालियर से शिवपुरी की ओर आ रहा गत्तों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद पलट गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। ट्रक के ठीक पीछे आ रही एक तेज रफ्तार कार भी ट्रक में जा घुसी। पीछे से आ रही शिवपुरी की एक अन्य कार में सवार बल्ली सरदार, अभिषेक शर्मा, अनुज शर्मा और गगन त्रिवेदी ने आग लगने से पहले ट्रक और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इन युवकों की तत्परता से ट्रक ड्राइवर की जान बचाई जा सकी। साथ ही कार सवार भी समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। सुभाषपुरा थाना प्रभारी राजीव दुबे ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक पलटने और आग लगने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारु कराया।
