नगर निगम के बुल्डोजर को बार-बार चुनौती दे रहे कब्जाधारी

जबलपुर: नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते की बीते कई दिनों से जारी अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई को कब्जाधारी बार बार चुनौती देते नजर आ रहे हैं। शहर में अलग-अलग इलाकों में जहां अमले द्वारा अवैध कब्जे हटाए जाते हैं ठीक वहीं कुछ दिनों बाद दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानें सजी ली जातीं हैं। इस संबंध में नवभारत की टीम ने मौके पर जाकर कब्जाधारियों के आसपास रहने वाले लोगों से हकीकत जाननी चाही तो उन्होंने साफ कहा कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई होने के बाद कई दिनों तक नगर निगम का अमला मौके पर नहीं जाता जिस कारण कब्जाधारियों के हौंसले बुलंद हो जाते हैं और फिर से अपना कब्जा जमा लेते हैं। जानकारी के अनुसार मेडिकल अस्पताल के बाहर, गढ़ा बाजार, नगर निगम मुख्यालय के सामने सिविक सेंटर में जूतों की दुकान, चाट फुल्की के खड़े ठेले, बड़ा फुहारा, लार्डगंज, रांझी, गोरखपुर सहित अन्य व्यस्ततम बाजारों में अवैध अतिक्रमण को लेकर अराजक हालात देखे जा रहे हैं।
ये हैं कब्जों की वजह
–कार्रवाई करने के बाद लंबे समय तक जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचते हैं।
–मामूली जुर्माने के बाद जप्त किया हुआ सामान वापस हो जाता है।
–अतिक्रमण दस्ते की कार्रवाई के पहले ही इसकी सूचना कब्जाधारियों तक पहुंच जाती है।
–राजनैतिक हस्तक्षेप के चलते भी कब्जा दोबारा काबिज हो जाता है।
10 साल पहले बरती जाती थी सख्ती
जानकारी के अनुसार करीब 10 साल पहले नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त ने शहर में जमे अवैध अतिक्र मणों पर सख्ती बरती थी। पहले कब्जाधारियों को कब्जा हटाने चेतावनी दी जाती थी फिर नहीं मानने पर एफआईआर दर्ज कराई जाती थी और 5 हजार रुपए तक का जुर्माना वसूला जाता था। लेकिन कुछ समय चली इस तरह की कार्रवाई के बाद राजनीतिक दबाव के चलते ये कार्रवाई बंद हो गई।
इन उपायों के करने से मिलेगी निजात
जानकारों का कहना है कि अवैध अतिक्रमण करने वाले कब्जाधारियों का सामान स्थाई रूप से जप्त किया जाए और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। इसके अलावा राजनीति दखल को बिल्कुल बंद किया जाए जिससे शहर मेंं जमे अवैध अतिक्रमणों को स्थाई रूप से हटा दिया जाएगा और शहर का यातायात सुचारू रूप से चलेगा।
इनका कहना है-
–निगमायुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते द्वारा अवैध कब्जों के खिलाफ रिपीट कार्रवाई भी जारी है जो कब्जाधारी नहीं मान रहे हैं उन्हें चिहि़नत करते हुए उनके खिलाफ और सख्ती बरती जाएगी।
मनीष तड़से, अतिक्रमण प्रभारी, नगर निगम ।

Next Post

भिंड नगर पालिका में भ्रष्टाचार व अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने दिया ज्ञापन

Mon Dec 8 , 2025
भिंड:ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और भिंड नगर पालिका में भ्रष्टाचार व अव्यवस्थाओं को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने अपर कलेक्टर एलके पांडेय को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर पालिका के भ्रष्टाचार, रुके विकास कार्य, नालियों की समस्या और परिषद की बैठकों को लेकर ज्ञापन […]

You May Like