इंदौर:शहर में शनिवार को होमगार्ड का स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर होमगार्ड लाइन बिशप हाउस, व्हाइट चर्च के पास परेड का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली. इस दौरान एसडीईआरएफ की टीम ने मॉकड्रिल और उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई.
स्थापना दिवस के मौके पर होमगार्ड जवानों ने अनुशासित परेड की. इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम ने आपदा प्रबंधन को लेकर मॉकड्रिल का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग रोमांचित हो उठे. कार्यक्रम में सिविल डिफेंस की टीम ने भी आत्मरक्षा से संबंधित एक नाटिका प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. मंत्री विजयवर्गीय ने होमगार्ड और सिविल डिफेंस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ये जवान समाज में अव्यवस्था को व्यवस्था में बदलने का काम बखूबी करते हैं. प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा, प्राकृतिक आपदा और विभिन्न उत्सवों में इनकी भूमिका अहम होती है.
रिटायरमेंट की उम्र बढ़ी
अपने संबोधन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जवानों को खुशखबरी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड जवानों की रिटायरमेंट उम्र 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी है. यह जवानों के लिए एक बड़ा तोहफा है. उन्होंने वैश्विक हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि आने वाले समय में दुनिया में विश्वयुद्ध जैसा वातावरण बन रहा है, इसलिए हमें तैयार रहना होगा. मंत्री ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सिविल डिफेंस की एक बड़ी फौज खड़ी करनी होगी. होमगार्ड के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारियां हैं और उम्मीद है कि वे इसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे.
