न लिंक पर क्लिक किया, न ओटीपी आया, किसान के खाते से निकल गए 10 लाख

ग्वालियर। यहां एक किसान के बैंक खाते से ठगों ने 10 लाख रुपए निकाल लिए। यह राशि किसान ने अपनी बेटी की शादी के लिए जमा की थी। ठगी के दौरान किसान को न तो कोई कॉल आया, न मैसेज आया और न ही उनका मोबाइल फोन बंद हुआ।

ठगी का पता तब चला जब किसान के बेटे के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज देखने के बाद जब किसान के बेटे ने पिता का बैंक अकाउंट चेक किया तो उसमें कोई राशि नहीं बची थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक पहुंचकर जानकारी ली, जहां उन्हें पता चला कि वे धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। ठगों ने किसान के खाते से तीन बार में 10 लाख रुपए की रकम अन्य खातों में ट्रांसफर की।

साइबर ठगो ने पहली बार में 5 लाख, दूसरी बार में 3 लाख और तीसरी बार में 2 लाख रुपए निकाले। किसान और उनके बेटे ने क्राइम ब्रांच साइबर सेल पुलिस को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल पुलिस ने किसान के आवेदन पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुरार स्थित बड़ागांव निवासी राजेंद्र सिंह पाल पेशे से किसान हैं। बड़ागांव में ही एचडीएफसी बैंक में उनका खाता है। खाते में बेटे का मोबाइल नंबर दर्ज है। रामबरन के मोबाइल पर पिता के खाते से 10 लाख रुपए कटने का मैसेज आया। मैसेज आने के बाद रामबरन पिता के साथ बैंक शाखा पहुंचा। बैंक मैनेजर ने बताया कि बैंक से कोई पैसे नहीं निकले हैं और न ही ट्रांसफर किए गए हैं। उनके खाते से ऑनलाइन माध्यम से तीन बार में यह रकम किसी अन्य खाते में ट्रांसफर की गई, और संभवतः उनके साथ साइबर ठगों द्वारा ठगी की गई। अपने साथ हुई ठगी का पता चलते ही रामबरन अपने पिता राजेंद्र के साथ क्राइम ब्रांच साइबर सेल में पहुंचा और लिखित आवेदन देकर शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

किसान राजेंद्र पाल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी अप्रैल महीने में है। उन्होंने अपने खेत का कुछ हिस्सा बेचकर उससे प्राप्त राशि 10 लाख रुपए खाते में जमा की थी। अब यह राशि चोरी हो जाने के कारण उनकी बेटी की शादी मुश्किल में पड़ गई है।

Next Post

मेट्रो के चलने की तैयारी पर पार्किंग बन सकती है रोड़ा

Sat Dec 6 , 2025
भोपाल। राजधानी में जल्द ही मेट्रो ट्रेन से सफर करने की औपचारिक घोषणा भले ही कर दी गई हो लेकिन, शहर भर में बने मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग स्थल फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं. स्टेशनों के पास वाहनों को खड़ा करने की पर्याप्त जगह नहीं होने से लोगों […]

You May Like