तीन जून को ग्वालियर चीताज और उज्जैन फाल्कन्स के बीच होगा पहला मुकाबला

इंदौर (मध्य प्रदेश), 18 मई (वार्ता) तीन जून से इंदौर में आयोजित हो रही मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) 2026 इस बार और भी रोमांचक होने वाली है। लीग में हुए विस्तार के बाद इस बार पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में पांच फ्रेंचाइज़ी टीमें खिताबी जंग के लिए संघर्ष करती नजर आएंगे।
पुरुष वर्ग में मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स को नई टीमों के रूप में शामिल किया गया है, जो मौजूदा टीमों भोपाल लेपर्ड्स, बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल्स, ग्वालियर चीताज, इंदौर पिंक पैंथर्स, जबलपुर रॉयल लायंस और रीवा जगुआर्स के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी।
महिला वर्ग में ग्वालियर शेरनीज और रॉयल निमाड़ ईगल्स दो नई फ्रेंचाइजी जोड़ी गई हैं। ये टीमें भोपाल वुल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स और चंबल घड़ियाल्स के साथ विस्तारित पांच टीमों की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। पुरुष वर्ग के टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 3 जून को शाम 7:30 बजे होलकर स्टेडियम में ग्वालियर चीताज और उज्जैन फाल्कन्स के बीच खेला जाएगा, वहीं महिला प्रतियोगिता की शुरुआत 4 जून को सुबह 10:00 बजे इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर चंबल घड़ियाल्स और ग्वालियर शेरनीज की भिड़ंत से होगी।

इस बारे में पूर्व एमपीएल चेयरमैन महानआर्यमन सिंधिया ने कहा, “हमें मध्य प्रदेश लीग के आगामी सत्र का कार्यक्रम घोषित करते हुए बेहद खुशी हो रही है। अधिक टीमें, ज्यादा मुकाबले और विस्तारित महिला प्रतियोगिता के साथ यह सत्र पहले से कहीं बड़ा और अधिक प्रतिस्पर्धी होने वाला है।” उन्होंने आगे कहा कि, “यह लीग जिस तरह से मध्य प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को मजबूत मंच प्रदान कर रही है, हमें पूरी उम्मीद है कि टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों को एक उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने को मिलेगा।”
महिला प्रतियोगिता की बात करें तो, इसका प्रारूप कुछ इस प्रकार है कि, इसमें अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। अन्य शीर्ष टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला 12 जून को खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 13 जून को होलकर स्टेडियम में आयोजित होगा। पुरुष वर्ग में 4 जून से लीग चरण के डबल हेडर और ट्रिपल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। 4 जून को दोपहर 3:00 बजे मालवा स्टैलियंस का मुकाबला चंबल घड़ियाल्स से होगा, जबकि शाम 7:30 बजे होलकर स्टेडियम में भोपाल लेपर्ड्स और इंदौर पिंक पैंथर्स आमने-सामने होंगे। पुरुष वर्ग का लीग चरण 24 जून तक चलेगा, जबकि दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 25 जून को होलकर स्टेडियम में खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 26 जून को शाम 7:30 बजे इंदौर के होलकर स्टेडियम में आयोजित होगा।

.....

Next Post

बंद कमरों से नहीं, जनता के आक्रोश से तय हो रहा मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड: पटवारी

Mon May 18 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा सरकार के मंत्रियों का “रिपोर्ट कार्ड” अब बंद कमरों में होने वाली समीक्षा बैठकों से नहीं, बल्कि जनता के आक्रोश, विधायकों की नाराजगी और सरकार के भीतर बढ़ते असंतोष से […]

You May Like