भोपाल। मातृ मृत्यु के मामलों में कमी लाने के उद्देश्य से सीएमएचओ भोपाल डॉ मनीष शर्मा ने जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में एमडीएसआर समीक्षा बैठक ली। बैठक में हाल में सामने आए मातृ मृत्यु के प्रकरणों की अलग अलग स्तर पर जांच कर कारणों का विश्लेषण किया गया।
समीक्षा में शीघ्र पंजीयन समय पर जांच मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड में प्रविष्टि हाई रिस्क गर्भवती की पहचान और प्रबंधन प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जांच तथा अनमोल पोर्टल पर डाटा प्रविष्टि जैसे बिंदुओं का परीक्षण किया गया। गंभीर रक्तस्राव संक्रमण एक्लैंपशिया प्री एक्लैंपशिया प्रसव संबंधी जटिलताएं और असुरक्षित गर्भपात जैसे कारणों पर विशेष चर्चा कर सुधार के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हाई रिस्क गर्भवती की जांच चिकित्सक द्वारा अनिवार्य रूप से की जाए। गर्भवती को दूसरे संस्थान में रेफर करने से पहले संबंधित अस्पताल को सूचना दी जाए और रेफरल के बाद भी महिला की निरंतर निगरानी की जाए। रेफरल प्रक्रिया को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
डॉ मनीष शर्मा ने बताया कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान होने वाली ज्यादातर जटिलताओं का समय पर प्रबंधन कर मातृ मृत्यु को रोका जा सकता है। सुरक्षित मातृत्व के लिए जननी सुरक्षा योजना मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और निशुल्क परिवहन सेवा सहित कई योजनाएं संचालित हैं ताकि प्रत्येक गर्भवती को समय पर उपचार और सहायता मिल सके।
