नरसिंहगढ़। नरसिंहगढ़ क्षेत्र मेें पार्वती रेसई बांध परियोजना के डूब क्षेत्र से होकर जाने वाले मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे पुलो का निर्माण अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है. तीन सालों में भी ठेकेदार इन ब्रिज के निर्माण कार्य को पूरा नहीं कर पाए है. यही नहीं कोटरा क्षेत्र के प्रतापपुरा के यहां बनने वाले पुल का कार्य पूर्ण नहीं होने पर इसकी राशि लेप्स हो गई.
जानकारी के अनुसार करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से सांका श्यामजी, बरोड़ी और झाड़क्या मार्ग पर सेतु निगम के माध्यम से ठेकेदार द्वारा वर्ष 2022 में पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन अनदेखी, विभागीय खींचतान के चलते काम बीच में ही रुक गया.
राशि नहीं मिलने पर बीच में बंद किया कार्य
सूत्रो के अनुसार संबंधित निर्माण एजेंसी को भुगतान नहीं होने से उनके द्वारा निर्माण कार्य को बीच में रोक देने से इस तरह के हालात बने. करीब दो साल से यहां काम बंद पड़े हुए है. जिसे शुरू करने विभागीय स्तर पर ठोस प्रयास भी नजर नहीं आ रहे है. क्षेत्रवासियों के द्वारा इन पुल को जल्द पूर्ण करने की मांग की जा रही है.
समय पर नहीं हुए काम तो लेप्स हुई राशि
जानकारी के अनुसार इन ब्रिज निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा संबंधित विभाग को राशि समय पर हस्तांतरित करना बताया जा रहा है किंतु निर्धारित समय सीमा में काम पूरा नहीं हो सका. ऐसे में निर्माण की राशि लेप्स हो गई तथा भुगतान नहीं मिलने से निर्माण एजेंसी द्वारा अधूरा काम छोडक़र चला जाना बताया जाता है. यही वजह है कि पिछले दो सालों से तीनों पुलों का निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है. पुलो का निर्माण कार्य अधूरा होने से रहवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
सांका श्यामजी के यहां निर्माण कार्य रुका
बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आ रहे सांका गांव स्थित ऐतिहासिक मंदिर के संरक्षण हेतु मंदिर के चारों तरफ बड़ी वाल का निर्माण किया गया है. वही मंदिर तक पहुंचने बड़े पुल का निर्माण किया गया है, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां भी निर्माण कार्य रुके हुए है. जिन्हें भी जल्द पूरा किए जाने की मांग की जा रही है. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विद्युत लाइन शिफ्टिंग कार्यों की वजह से यहां काम रुका हुआ था लेकिन अब दोबारा निर्माण काम शुरू करवाए जा रहे है.
