
भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने 850 ग्राम गांजा, 2 मोबाइल फोन और 1 धारदार तलवार जब्त किया है. आरोपी चाय नाश्ता की दुकान की आड़ में अवैध मदाक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे. पूछताछ में गांजा के स्त्रोत एवं सप्लायर के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसकी जांच जारी है. आरोपियों से गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में पूछताछ जारी है.
पुलिस के मुताबिक सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. बैरागढ़ में एक अस्पताल के पास दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार हुए. आरोपियों ने अपना नाम विशाल केसवानी उर्फ बद्दी (28) और संजय राठोर उर्फ संजू (26) निवासी सीहोर नाका बताया. दोनों की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से लगभग 790 ग्राम गांजा और 02 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें जब्त किया गया.
शहर के गांधी नगर स्थित हरी मजार के पास इस तरह ही गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री करने की तैयारी कर रहे 3 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा. आरोपियों की पहचान शराफत अली (47), अमन खान (22) और दीपेश यदुवंशी निवासी मंगलवारा के रुप में हुई. आरोपियों के कब्जे से कुल 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ. वहीं आरोपी अमन खान के कब्जे से एक अवैध धारदार दोधारी तलवार भी जब्त की गई.
