उज्जैन: महाकाल क्षेत्र में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ा राहतभरा कदम उठाते हुए भारत माता मंदिर से 24 खंभा माता मंदिर तक नई 24 मीटर चौड़ी फोरलेन सड़क के निर्माण का काम शुरू हो गया है.नवभारत से चर्चा में स्मार्ट सिटी के दीपक टंकारिया ने बताया कि स्मार्ट सिटी इस महत्वपूर्ण परियोजना की निर्माण एजेंसी है. करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह सड़क महाकाल कॉरिडोर क्षेत्र को नई दिशा देगी.
एप्रोच रोड न मिलने से परेशान थे श्रद्धालु
अब तक महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचना मुश्किल था. उचित एप्रोच रोड न होने के कारण श्रद्धालुओं व पर्यटकों को अपनी कारें दूर स्थित पार्किंग में खड़ी करनी पड़ती थीं. नई फोरलेन सड़क बन जाने के बाद कार और अन्य वाहन सीधे यहां तक पहुंच सकेंगे.
महाकाल थाना शिफ्ट
नई सड़क निर्माण के लिए महाकाल मंदिर के समीप स्थित पुराने महाकाल थाने को शिफ्ट किया जा चुका है. यह थाना अब स्मार्ट पार्किंग परिसर से संचालित हो रहा है. पुराने थाने के भवन को डिस्मेंटल कर यहां से सड़क का दूसरा सिरा निकाला जाएगा, जो हेरिटेज चढ़ाव के पास से होते हुए कहारवाड़ी क्षेत्र तक पहुंचेगा.
24 खंभा से हरसिद्धि पाल रोड तक
महाकाल मंदिर और भारत माता मंदिर के सामने से जो नया फोर लेन बनेगा वह सड़क 24 खंभा माता मंदिर कहारवाड़ी- हेरिटेज चढ़ाव, पुराना महाकाल थाना क्षेत्र को जोड़ते हुए हरसिद्धि पाल वाली सड़क तक कनेक्ट करेगी. इससे महाकाल क्षेत्र का संपूर्ण रोड नेटवर्क मजबूत हो जाएगा.
सिंहस्थ 2028 के लिए महत्वपूर्ण
सिंहस्थ 2028 में उज्जैन में करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं और साधु-संतों के आने का अनुमान है. ऐसे में यह नई सड़क भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी.
महाकाल दर्शन होंगे सुलभ
विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अब अधिक सुगम, चौड़ी और व्यवस्थित सड़क उपलब्ध होगी. नए फोरलेन से महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल और आसपास के क्षेत्रों तक आसानी से आवागमन किया जा सकेगा. नई सड़क का निर्माण शुरू हो जाने के बाद क्षेत्र में उत्साह है, क्योंकि महाकाल कॉरिडोर के बाद यह प्रोजेक्ट उज्जैन के धार्मिक पर्यटन को नई बुलंदी देगा.
