सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार कार, नवविवाहिता सहित दो की मौत, तीन गंभीर

बिजावर: बिजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीताल और अंधियारा गांव के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पलटने की यह घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
विवाह की खुशियां मातम में बदलीं, मायके लौट रही थी दुल्हन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनागर निवासी प्रियंका अहिरवार की शादी इसी माह ग्राम रानीताल में संपन्न हुई थी। स्थानीय सरपंच प्रकाश चंद्र चौरसिया ने बताया कि प्रियंका के मायके पक्ष के लोग अर्टिका कार से विदाई कराकर उसे वापस लेने रानीताल आए थे। दुल्हन को लेकर लौटते समय रानीताल के पास ही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की गति काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने चलाया राहत कार्य, अस्पताल में दो मृत घोषित
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल बिजावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर महेश त्रिवेदी ने परीक्षण के बाद मुन्नीलाल (55 वर्ष) एवं नवविवाहिता प्रियंका अहिरवार (23 वर्ष) निवासी पनागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तत्काल स्वास्थ्य केंद्र और घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Next Post

बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ CM डॉ यादव ने की शिरकत

Tue May 19 , 2026
भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल हुए।बैठक में क्षेत्रीय विकास, अंतरराज्यीय समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न राज्यों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। मध्य क्षेत्रीय […]

You May Like