जबलपुर: महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशों के तहते नगर निगम ने शहर के बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने और नागरिकों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपने विशेष अभियान को और भी तेज़ कर दिया है। शहर में लगातार धूलकण को समाप्त करने के लिए सघन रूप से डी-फोगर मशीन के द्वारा फॉगिंग और पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन एवं स्वच्छता सेल के सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि सोमवार को नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के दो अत्यंत व्यस्त और प्रदूषण संभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया, जिसमें तीन पत्ती से ब्लूम चौक, छोटी लाइन तक इस व्यस्त मार्ग पर डी फोगर मशीनों द्वारा सघन फॉगिंग की गई।
वहीं मालवीय चौक, तीन पत्ती और सुपर मार्केट क्षेत्र वाणिज्यिक और यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण इन क्षेत्रों में वाहनों के कारण धूल का उत्सर्जन अधिक होता है। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यहाँ भी व्यापक फॉगिंग की गई। इन प्रयासों से इन सघन क्षेत्रों की हवा में मौजूद हानिकारक कणों के स्तर में कमी आने की उम्मीद है।
सिविल लाइन में पानी का छिड़काव
फॉगिंग के साथ-साथ, निर्माण गतिविधियों और यातायात से उत्पन्न होने वाली धूल को ज़मीन पर दबाने के लिए सिविल लाइन क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर पानी के टैंकरों के माध्यम से व्यापक छिड़काव किया गया। यह सुनिश्चित करता है कि धूल के कण हवा में न उड़ें, जिससे प्रदूषण के स्तर में तत्काल कमी लाई जा सके।
