बागेश्वर धाम से लौट रहे दंपत्ति की स्कूटी को कार ने रौंदा, महिला गंभीर रूप से घायल

छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत झांसी–खजुराहो फोरलेन पर महोबा ब्रिज के आगे शाम को गंभीर सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार नौगांव निवासी दंपत्ति बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी महोबा ब्रिज के पास पहुंची, तभी गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर दूर तक घिसट गई। स्कूटी सवार अनीता अग्रवाल (40) सिर में गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनके पति को भी हल्की चोट आई, लेकिन अनीता की हालत गंभीर देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें ज़िला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाज़ुक बताते हुए उपचार शुरू कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी, जिससे सामने से आ रहे वाहन का चालक संभल नहीं पाया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फोरलेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Next Post

पुरुष नसबंदी के सफल क्रियान्वयन के लिए बैठक आयोजित, 2 दिसंबर को शिविर 

Fri Nov 28 , 2025
मंडला। जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में एक बैठक का आयोजन किया गया। बताया गया कि यह पखवाड़ा 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक जिले के सभी सीएचसी में आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य परिवार […]

You May Like