युवा कांग्रेस का चुनाव आयोग कार्यालय पर प्रदर्शन, लाठीचार्ज-वाटर कैनन के बीच कई शीर्ष नेता गिरफ्तार

भोपाल। एसआईआर के विरोध में आज राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग के राज्य कार्यालय का घेराव किया। सुबह से ही प्रदेश भर के विभिन्न जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों से हजारों की संख्या में युवा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने एसआईआर को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए जमकर नारेबाज़ी की।

प्रदर्शन के उग्र रूप लेने पर वहां तैनात पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। धक्का-मुक्की के दौरान कई कार्यकर्ता घायल भी हुए। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने युवा कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार नेताओं में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिब, प्रभारी शिव सिंह चौहान, सह-प्रभारी रूपेश सिंह भदौरिया, प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया, महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह यादव और राष्ट्रीय सचिव हेवरनसिंह कंसाना सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। सभी को गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया, जहां देर शाम तक कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा रही।

प्रदर्शन स्थल पर मौजूद युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रही है और एसआईआर के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उनका कहना था कि जब तक एसआईआर वापस नहीं लिया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में नव-निर्वाचित महामंत्री चेतन पाटीदार ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू ने किया।

Next Post

नर्मदापुरम् पुलिस का ‘नवाचार’ सूने घरों की चोरी पर लगेगी लगाम, शुरू हुई विशेष कार्ययोजना

Thu Nov 27 , 2025
इटारसी। अगर आप लंबी छुट्टी पर जाने वाले हैं और अपने सूने घर की चिंता आपको सता रही है, तो अब राहत की सांस लीजिए! नर्मदापुरम् पुलिस ने हाल ही में बढ़ी सूने घरों में चोरी एवं गृह-भेदन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए एक शानदार और सामुदायिक […]

You May Like