
ग्वालियर। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के विवादित बयान के बाद ग्वालियर चंबल अंचल में लगातार माहौल बिगड़ता जा रहा है। आज ग्वालियर में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। रूप सिंह स्टेडियम से एसपी ऑफिस तक सवर्ण समाज के लोगों ने पैदल मार्च किया।
सवर्ण समाज प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा है कि वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और उन्हें बर्खास्त किया जाए। इसी मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन जारी है। कल के प्रदर्शन के बाद आज फिर रूप सिंह स्टेडियम से एसपी ऑफिस तक पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शन में एडवोकेट अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सवर्ण समाज से जुड़े लोग तथा कई एडवोकेट शामिल हुए। कुछ महिलाएं फरसे लेकर भी रैली में पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों ने क्राइम ब्रांच थाना और एसपी कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। उनका कहना था कि जब तक एसपी बाहर आकर ज्ञापन नहीं लेते, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह प्रदर्शनकारियों से मिले, उनकी बात सुनी और ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन कुछ देर शांतिपूर्ण माहौल में बदल गया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो आगे और बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
*रक्षक मोर्चा ने दी चेतावनी*
रक्षक मोर्चा के एड. अनिल मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मुरार थाने पर घेराव करते हुए कहा है कि यदि संतोष वर्मा पर तत्काल मामला दर्ज नहीं किया गया तो आन्दोलन और ज्यादा उग्र रूप लेगा। सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि ब्राहम्ण समाज के प्रतिनिधि ज्ञापन लेकर आये थे। जिसमें आरोप लगाया गया है कि अजाक्स के एक पदाधिकारी ने मंच से अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया। संबंधित वीडियो और ज्ञापन का जांच में लिया गया है। जांच के बाद जो भी वैधानिक कार्यवाही आवश्यक होगी वह की जायेगी।
*आईएएस वर्मा के खिलाफ दतिया में भी ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, एसपी ऑफिस घेरा*
अजाक्स प्रांताध्यक्ष और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के कथित विवादास्पद बयान के खिलाफ दतिया में भी बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ. ब्राह्मण समाज ने एकजुट होकर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया. ब्राह्मण समाज के सदस्य बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुँचे और परिसर में ही धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की. ब्राह्मण समाज ने दतिया एसपी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें संतोष वर्मा पर मामला दर्ज करने की मांग की गई है. समाज ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे. प्रदर्शनकारी समाज के सदस्यों का कहना है कि एक उच्च पदस्थ अधिकारी द्वारा सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला और अपमानजनक बयान देना स्वीकार्य नहीं है, और सरकार को तत्काल उन पर कार्रवाई करनी चाहिए.
