
विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा द्वारा हरदीप सिंह पुरी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने के फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह निर्णय पार्टी की राजनीतिक असुरक्षा और स्वार्थपूर्ण मंशा को दर्शाता है।
सिंघार ने कहा कि एपस्टीन फाइल्स से जुड़ी चर्चाओं में हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आया था। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा ने उन्हें उत्तर प्रदेश के बजाय मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने का निर्णय क्यों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाकर प्रदेश की जनता के हितों और सम्मान की अनदेखी की जा रही है।
एक अन्य बयान में सिंघार ने कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शावक के शरीर में छर्रों से चोट के निशान मिलने की खबरें वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
सिंघार ने कहा कि चीतों को प्रदेश में लाने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने शावक की मौत की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
