
राजगढ़। जिला अस्पताल के पुराने भवन में संचालित टीबी वार्ड के छज्जे का प्लास्टर गिरने की घटना के बाद बुधवार को वार्ड को ट्रामा सेंटर के रिक्त भवन में शिफ्ट कर दिया गया। मंगलवार को छज्जे का प्लास्टर गिरने की घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के पुराने भवन में संचालित टीबी वार्ड के छज्जे का प्लास्टर मंगलवार को अचानक गिर गया था। घटना के बाद इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन तक पहुंची, जिसके बाद बुधवार को वार्ड को ट्रामा सेंटर के खाली भवन में स्थानांतरित कर दिया गया। अब टीबी के मरीजों को नए स्थान पर भर्ती कर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि ट्रामा सेंटर का भवन रिक्त था। मरीजों की सुविधा को देखते हुए टीबी वार्ड को वहां शिफ्ट किया गया है, ताकि मरीजों को सुविधाजनक स्थान पर भर्ती रखकर उपचार दिया जा सके।
