इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-22 टूर्नामेंट में डीसीए सीधी रीवा को हराकर बना चैंपियन

सीधी।एमपीसीए ग्राउंड में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-22 क्रिकेट टूर्नामेंट में आज सीधी ने इतिहास रच दिया जिसका इंतजार वर्षों से था। संघर्ष, समर्पण और टीमवर्क के दम पर डीसीए सीधी ने पहली बार टूर्नामेंट का खिताब जीतकर पूरे जिले का मान बढ़ा दिया। रोमांचक मुकाबले में सीधी ने रीवा को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। तीसरे दिन खेल शुरू होते ही सीधी के गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रीवा की पूरी टीम को 219 रन पर ढेर कर दिया। रीवा की ओर से ज्योतिरादित्य ने 59 और अभिज्ञान ने 48 रन बनाए, वहीं सीधी की तरफ से आशीष पटेल ने 3 और अभिषेक गौतम ने 2 विकेट लेकर रीवा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पूरे मैच में आशीष पटेल कुल 8 विकेट लेकर मैच के हीरो बने। 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीधी टीम ने संयम और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की और 6 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। सीधी की ओर से उदित मौर्य ने बेहतरीन 57 रन और विवेक ने 29 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीष पटेल को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के बाद आयोजित समारोह में आयोजन समिति द्वारा डीसीए सीधी को विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। यह जीत सिर्फ एक खिताब नहीं बल्कि सीधी क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत है। जिले के खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि सीधी अब प्रदेश में उभरता हुआ क्रिकेट हब बन चुका है। आज की यह ऐतिहासिक उपलब्धि आने वाले समय में सीधी क्रिकेट को नई पहचान दिलाएगी।

Next Post

सर्दी का असर, सुबह कोहरे से दृश्यता रही कम, 11 बजे के बाद निकली धूप

Wed Nov 26 , 2025
सिरोंज। क्षेत्र में इन दिनों सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया हैं. सुबह कोहरा दिखाई दे रहा है. जिससे दृश्यता में कमी दिख रही है. वही लोग धूप को भी तरसते दिखाई दे रहे है. सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलती निकल रही है. जिससे लोग धूप को […]

You May Like