तेहरान, 02 अप्रैल (वार्ता) ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर क़ालिबाफ़ ने अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच कड़ा संदेश देते हुए गुरुवार को कहा कि लगभग 70 लाख ईरानी देश की रक्षा के लिए तैयार हैं।
श्री क़ालिबाफ़ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी विदेशी आक्रमण की स्थिति में ईरानी एकजुट होकर उसका सामना करेंगे। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध के अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा, “हम वही करते हैं। हम अपने देश के लिए सब कुछ न्यौछावर कर देते हैं।”
उन्होंने आठ वर्ष लंबे युद्ध के दौरान अपने भाई और कई करीबी साथियों को खोने की बात याद करते हुए कहा कि राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा के लिए बलिदान देने की परंपरा पुरानी है।
उन्होंने कहा, “हम युद्ध के समर्थक नहीं हैं, लेकिन जब मातृभूमि की रक्षा का समय आता है तो हम में से हर व्यक्ति सैनिक बन जाता है।”
श्री क़ालिबाफ़ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देशभर में चल रहे एक अभियान के तहत एक सप्ताह से भी कम समय में करीब 70 लाख ईरानी आगे आए हैं और उन्होंने हथियार उठाकर देश की रक्षा के लिए तैयार रहने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा, “मैं दिल से एक बात कहना चाहता हूं। ईरानी केवल अपने देश की रक्षा की बात नहीं करते, बल्कि उसके लिए खून बहाते हैं। हमने पहले भी ऐसा किया है और फिर से करने के लिए तैयार हैं।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आप हमारे घर पर आएंगे, तो आपको पूरा परिवार मिलेगा। तैयार और मजबूती से खड़ा। आइए, सामना कीजिए।”
