
जबलपुर। अजाक्स के नए प्रांतीय अध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा के विवादित बयान के खिलाफ बुधवार को ब्राम्हण समाज का आक्रोश फूट पड़ा और फिर बड़ी संख्या में ब्राम्हण समाज के लोगों ने मातृशक्तियों के साथ एकजुट होकर घंटाघर चौक पर आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और मांग की संतोष वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उसे जेल भेजा जाए।
इस दौरान डॉ. कल्पना मिश्रा, राम दुबे, कपिल दुबे सहित ब्राम्हण समाज के अन्य प्रदर्शनकारियों ने दोटूक कहा कि आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ अगर जल्द एफआईआर दर्ज कर उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में पूरे देश में ब्राम्हण समाज के द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन, राज्य शासन की होगी।
ब्राह्मण एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि अजाक्स के नए प्रांतीय अध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा ने हाल ही में ये कहा है कि आरक्षण तब तक जारी रहे जब तक कोई ब्राह्मण मेरे बेटे के लिए अपनी बेटी नहीं दे देता। प्रदर्शनकारियों ने इस बयान की तीखी निंदा की है और कहा है कि ऐसे बयान देने वाले को हम लोग भगवान परशुराम के शस्त्र लेकर दौड़ाकर मारेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ ब्राम्हण समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
