
इंदौर. बेहतर यातायात व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चल रहे ट्रैफिक प्रहरी अभियान में सराहनीय सहयोग देने वाले पांच प्रहरियों को पुलिस कमिश्नर ने सम्मानित किया. नए प्रहरियों को भी प्रोत्साहित करते हुए सामग्री वितरित की गई.
इंदौर पुलिस के ट्रैफिक प्रहरी अभियान के तहत सोमवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने पांच सक्रिय प्रहरियों राजकुमार जैन, मुरली खंडेलवाल, विजय बारोले, कृष्ण बिहारी जाटव और सुनीता सिरसाट को शील्ड, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में 10 नए ट्रैफिक प्रहरियों को कैप, जैकेट, सिटी, लाइट बैटन और बैज प्रदान कर प्रोत्साहित किया. इस दौरान यातायात प्रभारी डीसीपी आनंद कलादगी सहित अधिकारी और जागरूक नागरिक मौजूद रहे. डीसीपी ने बताय कि अब तक 1803 नागरिक ट्रैफिक प्रहरी से जुड़कर विभिन्न चौराहों पर यातायात प्रबंधन में सहयोग दे रहे हैं. वहीं कमिश्नर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियम पालन और प्रबंधन की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है. इच्छुक लोग दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से गूगल फॉर्म भरकर अपनी सुविधानुसार समय व स्थान चुनकर ट्रैफिक प्रहरी बन सकते हैं.
