ब्यावरा। विगत दिवस न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला कलेक्टर द्वारा जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं को सुबह 9 बजे के पूर्व कक्षाओं का संचालन नहीं करने संबंधी आदेश जारी किए गये थे किंतु नगर सहित जिले में कई स्थानों पर कुछ अशासकीय स्कूलों के द्वारा आदेश की अवहेलना करते हुए 9 बजे के पूर्व ही स्कूलों का संचालन किया जा रहा है जिसके कारण ठंड के मौसम में छोटे-छोटे बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
विदित है कि विगत दिवस जिले में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पर जा पहुंचा था. इसको देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुबह 9 बजे के पहले स्कूलों का संचालन नहीं करने के निर्देश आदेश जारी कर दिए गये. परन्तु यह देखने में आया है कि नगर में ही कुछ प्रायवेट स्कूलों के द्वारा आदेशो की अवहेलना करते हुए सुबह 9 बजे के पूर्व ही कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है.
यदि कोई भी अशासकीय स्कूल में आदेश की अवहेलना करते हुए सुबह 9 बजे के पूर्व कक्षाओं का संचालन किया जाना सामने आता है तो संबंधित संस्था प्रबंधन को कारण बताओं नोटिस जारी करने की कार्यवाई की जाएगी.
दिलीप कुमार शर्मा
बीईओ, शिक्षा विभाग ब्यावरा
