
छतरपुर। सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर 9 सितंबर को एक महिला संदिग्ध हालत में मिली, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
होश आने पर महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे बाजार ले गया और मोमोज खिलाए, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान पति और उसके दो दोस्तों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर बंधक बनाकर हाईवे किनारे फेंक दिया।
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार महिला ने पहले भी कई बार दुष्कर्म और मारपीट के मामले दर्ज कराए हैं, लेकिन अदालत में बयान न देने के कारण आरोपी छूट जाते थे। महिला का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
थाना प्रभारी वाल्मीक चौबे ने बताया कि महिला के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
