नयी दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में बक्सर-भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-नियंत्रित मोकामा-मुंगेर खंड के निर्माण को मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।
बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मंत्रिमंडल ने बिहार में बक्सर-भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सेस-नियंत्रित मोकामा-मुंगेर खंड के निर्माण को हाइब्रिड एन्युइटी मोड-एचएएम पर मंजूरी दी है। इस परियोजना की कुल लंबाई 82.4 किलोमीटर है और इस पर 4447.38 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि यह खंड मोकामा, बड़हिया, लखीसराय, जमालपुर, मुंगेर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रीय शहरों से होकर गुजरता है या उन्हें नजदीकी से यातायात की सुविधा उपलब्ध कराता है।

