सतना: राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के दिशा निर्देशों के आधार पर जन शिक्षा केंद्र स्तर पर आयोजित ओलंपियाड प्रतियोगिता में सम्मिलित छात्रों को बैठाकर भोजन कराने के बजाए कागज में लपेटकर नाश्ता थमा दिए जाने के मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय व्यंकट क्र. 2 की प्रभारी प्रचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा गया है.
डीईओ द्वारा जारी पत्र में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल से जारी दिशा निर्देशों के आधार पर कक्षा 2 से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए जन शिक्षा केंद्र स्तर की ओलंपियाड प्रतियोगिता 15 नवंबर को आयोजित की गई थी. राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा इस बात के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि विद्यार्थियों के लिए बैठाकर पूड़ी-सब्जी और मीठा खिलाया जाए. लेकिन इसके बावजूद भी शासकीय व्यंकट क्र. 2 के परीक्षा केंद्र में सम्मिलित हुए छात्रों को भोजन कराने के बजाए मात्र नाश्ता वितरित कराया गया.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बावजूद भी विद्याार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था न करना वरिष्ठ अधिकारयों के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है. यह कृत्य अनुशासनहीनता की परिधि में आता है. लिहाजा डीईओ द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी कर उल्लेख किया गया है कि क्यों ने प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए. गौरतलब है कि डीईओ द्वारा जारी किए गए पत्र की समय सीमा सोमवार को समाप्त हो गई. लेकिन इसके बावजूद भी न तो प्रभारी प्राचार्य का जवाब सामने आ सका और न ही यह जानकारी कि इस संबंध में डीईओ द्वारा क्या कार्रवाई की गई.
