
नई दिल्ली, 22 नवंबर, 2025: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह बड़ी सफलता रोहिणी इलाके में जाल बिछाकर मिली, जहाँ ये आरोपी राजधानी में हथियारों की एक बड़ी खेप की सप्लाई करने पहुँचे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपी उत्तर प्रदेश और पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हुई तस्करी
पुलिस ने बताया कि इन अत्याधुनिक हथियारों की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब के रास्ते भारत लाई गई थी। बरामद हथियारों में तुर्की और चीन में बने हाई-टेक वेपन्स शामिल हैं। क्राइम ब्रांच को गुप्त इनपुट मिला था कि कुछ तस्कर दिल्ली में हथियारों की सप्लाई करने वाले हैं, जिसके आधार पर रोहिणी इलाके में यह सफल ट्रैप लगाया गया।
कुख्यात गैंगस्टरों को सप्लाई की प्लानिंग
जांच में पता चला है कि बरामद किए गए ये खतरनाक हथियार कुख्यात गैंगस्टरों को सप्लाई किए जाने थे। पुलिस के अनुसार, इन हथियारों को लॉरेंस बिश्नोई, बमबीहा, गोगी और हिमांशु भाऊ जैसे बड़े गैंगस्टरों तक पहुँचाने की योजना थी। पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जाँच शुरू कर दी है ताकि इस सीमा पार से मौत का सौदा करने वाले गिरोह की जड़ों तक पहुँचा जा सके।
