फुटफाथ पर पटवारी संघ, काला कपड़ा पहन जताया विरोध

सतना: मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में गुरुवार को सतना कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया.काले वस्त्र पहनकर बड़ी संख्या में एकत्र हुए पटवारियों ने फुटपाथ पर मानव श्रृंखला बनाकर शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया.प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसमें पटवारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.

प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित पदोन्नति (प्रमोशन) को शीघ्र लागू करना शामिल है.इसके अलावा सेवा संबंधी अन्य लंबित मांगों के निराकरण, विभागीय व्यवस्थाओं में सुधार तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई.प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से पदोन्नति नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पटवारी एक ही पद पर कार्य करने को मजबूर हैं, जिससे उनमें निराशा और असंतोष बढ़ता जा रहा है.

पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर कई बार शासन और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. इसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि सरकार यदि समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो आंदोलन समाप्त किया जा सकता है.

संघ ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य शासन का विरोध करना नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है. इसी उद्देश्य से काले कपड़े पहनकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया गया और मानव श्रृंखला बनाकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया गया.

पटवारी संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी.

हम कोई विरोध नहीं कर रहे हैं, हम शासन का समर्थन ही कर रहे हैं.शासन ने मध्य प्रदेश के समस्त कर्मचारियों के प्रमोशन के आदेश दिए हैं, लेकिन उसमें पटवारी का प्रमोशन छूट गया है.हम चाहते हैं कि पटवारियों का भी प्रमोशन हो जाए. पटवारियों का समय पर प्रमोशन हो, पदानुसार क्रमोन्नति मिले, कैडर रिव्यू लागू हो और नायब तहसीलदार की परीक्षा आयोजित की जाए.

बृजेश निगम (प्रांतीय कार्यवाहक अध्यक्ष, म.प्र. पटवारी संघ)

Next Post

सीईओ जिपं ने संभाला निगमायुक्त का पदभार 

Fri Aug 7 , 2026
सतना : मुख्य कार्यापलन अधिकारी जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह ने गुरुवार को आयुक्त नगर निगम का पदभार भी ग्रहण कर लिया. जिसके फौरन बाद ही उन्होंने बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए.निगमायुक्त शैलेंद्र सिंह ने […]

You May Like