सतना : मुख्य कार्यापलन अधिकारी जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह ने गुरुवार को आयुक्त नगर निगम का पदभार भी ग्रहण कर लिया. जिसके फौरन बाद ही उन्होंने बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए.निगमायुक्त शैलेंद्र सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सप्ताहिक भ्रमण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसमस्यायों के त्वरित निराकरण को लेकर किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी अधिकारी अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित रुप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें.
इस दौरान आमजन से सीधा संवाद स्थापित करते हुए प्राप्त शिकायतों और समस्यायों का यथा संभव मौके पर ही निराकरण करना सुनिश्चत करें. जिन प्रकरणों में तत्काल समाधान संभव न हो उनमें समयबद्ध कार्रवाई करते हुए निर्धारित अवधि में निराकरण किया जाए. इसी कड़ी में निगमायुक्त श्री सिंह ने निर्देशित किया कि भ्रमण के दौरान प्रत्येक शिकायत का विधिवत पंजीयन कर उसकी नियमित समीक्षा की जाए. साथ ही सभी विभागों को आपसी समप्वय के साथ कार्य करते हुए जनसमस्यायों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. इसके साथ ही बैठक में यह जानकारी भी साझा की गई कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज सुबह 11 बजे जोन कार्यालय टिकुरिया टोला में जन समस्या निराकरण शिविर आयोजित किया जाएगा. निगमायुक्त द्वारा ननि के विभिल्ल विभागों के अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहकर समस्यायों की सुनवाई और उनके निराकरण के निर्देश भी दिए गए.
