मेपेक्स 2025 का भव्य शुभारंभ

भोपाल। मध्यप्रदेश डाक परिमंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चतुर्दशी मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी मेपेक्स 2025 का आज समन्वय भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने किया। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक फिलाटेलिस्ट अधिकारी और शहर के विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक तथा विद्यार्थी शामिल हुए। प्रदर्शनी में कुल 170 डाक टिकट संग्रहकर्ताओं द्वारा 325 फ्रेम प्रदर्शित किए गए हैं। लगभग आठ हजार वर्गफीट में सजी इस प्रदर्शनी में विज्ञान भारतीय सेना स्वतंत्रता पूर्व भारत होल्कर एस्टेट, अंतरिक्ष में विज्ञान यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम, रामायण राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न, स्वच्छ भारत मप्र टूरिज्म, भारतीय रेल जैसे कई विषयों पर दुर्लभ डाक टिकट और विशेष कवर लगाए गए हैं। जिसमें से कई संग्रह पहली बार आमजन के सामने प्रदर्शित किए गए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य पोस्टमास्टर जनरल मप्र डाक परिमंडल विनीत माथुर ने की। अतिथियों का स्वागत निदेशक डाक सेवाएं पवन कुमार डालमिया ने किया। उद्घाटन समारोह में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भारत की विज्ञान यात्रा और आत्मनिर्भर भारत विषय पर आधारित यह प्रदर्शनी हमारी समृद्ध विरासत और भारत की प्रगति की जीवंत झलक है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां पुरानी और नई पीढ़ियों के बीच सेतु का काम करती हैं। इस दौरान उन्होंने कलाकार रेखा भटनागर द्वारा बनाए गए रेखांकन की सराहना भी की। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल विनीत माथुर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक है। क्योंकि इसमें इतिहास से लेकर आधुनिक तकनीकी विकास तक की झलक मिलती है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारत का पहला डाक टिकट इक्कीस नवंबर उन्नीस सौ सैंतालीस को जय हिन्द शीर्षक से जारी हुआ था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत 2047 की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए कई विशेष संग्रह प्रदर्शित किए गए हैं।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने मनमोहक एकल और समूह नृत्य प्रस्तुत किए। इसके अलावा उमंग वेल्फेयर सोसायटी द्वारा समूह गान प्रस्तुत किया गया। समाज सुधारक स्वर्गीय शंकर प्रसाद ताम्रकार पर विशेष आवरण का विमोचन किया गया। इंदौर के वरिष्ठ फिलाटेलिस्ट ओपी केडिया की पुस्तक का विमोचन भी किया गया। साथ ही भेल के एजीएम सुनील सचदेवा ने कार्यशाला लेकर विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह की तकनीकी और ऐतिहासिक बारीकियों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में विधायक भगवान सबनानी भोपाल दक्षिण पश्चिम की महापौर मालती राय सतना के महापौर योगेश ताम्रकार और ग्वालियर हाईकोर्ट के जस्टिस अनिल वर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Next Post

नालों के गंदे पानी से सब्जी उगाए जाने पर कोर्ट सख्त

Fri Nov 21 , 2025
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने जबलपुर में नाले के गंदे पानी से सब्जियां उगाए जाने के रवैये को आड़े हाथों लिया। युगलपीठ ने समाचारों पर संज्ञान लेते हुए मामले की जनहित याचिका के रूप में सुनवाई प्रारंभ की। इसी के […]

You May Like