इंदौर: ऑनलाइन ठग ट्रेडिंग और क्रिप्टो निवेश का लालच दिखाकर शहर के लोगों से करोड़ों हड़प रहे हैं. साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस साल प्राप्त करीब पांच हजार शिकायतों में से एक हजार से ज्यादा मामले क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देने के हैं. इन मामलों में शहर के रिटायर्ड अधिकारी, इंजीनियर, डॉक्टर, व्यापारी और कई महिलाएं भी ठगी का शिकार बने हैं. इसी तरह एक और नया मामला सामने आया है, जिसमें क्रिप्टो निवेश के नाम पर एक युवक से 16 लाख रुपए एंठ लिए गए.
ताजा मामले में विजय नामक युवक की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने 16 लाख रुपए की ठगी का केस दर्ज किया है. फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद आरोपी ने उसे क्रिप्टो में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया गया और चरणबद्ध तरीके से लाखों रुपए ले लिए. इससे एक दिन पहले इंदौर के मोहम्मद हिदायतुल्ला के साथ 60 लाख की ऑनलाइन ठगी में शामिल एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के मुताबिक, ठग सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं, खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर चैट ग्रुप में जोड़ते हैं और नकली ऐप या वेबसाइट के जरिये निवेश करवाते हैं. शुरूआत में स्क्रीनशॉट दिखाकर मुनाफा दिखाया जाता है, लेकिन पैसे निकालने पर निवेशक को ब्लॉक कर दिया जाता है.
साइबर पाठशाला और जागरूकता कार्यक्रम लगातार चला रही पुलिस
साइबर टीम लगातार साइबर पाठशाला और जागरूकता कार्यक्रम चला रही है. इसी वर्ष ब्रांच ने पीड़ितों के लगभग 12 करोड़ रुपए वापस भी करवाए हैं, बावजूद इसके रोजाना एक से दो नई शिकायतें ट्रेडिंग फ्रॉड की दर्ज हो रही हैं. अधिकारी मानते हैं कि लालच और जागरूकता की कमी के कारण लोग लगातार इन गिरोहों का आसान निशाना बन रहे हैं. जागरूकता और सतर्कता ही इस ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है.
